Latest News / ताज़ातरीन खबरें

20 केंद्रों पर 3 व 4 जून को होगी टीजीटी परीक्षा, गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

जौनपुर। जनपद में 3 एवं 4 जून 2026 को आयोजित होने वाली टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नकल, फर्जी अभ्यर्थी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग अथवा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने बताया कि जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर 3 एवं 4 जून 2026 को दो पालियों में टीजीटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। सभी अधिकारी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा समाप्त होने तक सतत निगरानी बनाए रखेंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh