काशीदास बाबा पूजन समारोह में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य कलश यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र
देवरिया। जनपद के मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर में काशीदास बाबा पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत निकाली गई कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं, माताओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा काली माता मंदिर से प्रारंभ होकर शीतला माता मंदिर, मेन चौराहा, भागलपुर बाजार होते हुए कालीचरण घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ जल भरकर पूजन के लिए प्रस्थान किया। यात्रा में हाथी, घोड़े, गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में भावपूर्ण प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
पूजन कार्यक्रम को गाजीपुर के पंडित सुरेंद्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक राजदेव यादव रहे।
सांस्कृतिक संध्या में मऊ के प्रसिद्ध बिरहा गायक राम आशीष यादव तथा गाजीपुर की लोकगायिका खुशी यादव ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में श्रोताओं ने लोकगीतों और बिरहा का आनंद लिया।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भव्य भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर राजदेव यादव, रमाकांत यादव, रोशन यादव, अंब्रेश मणि, सतपाल यादव, उदय प्रताप सिंह यादव, नागा बाबा, जगत जायसवाल, अजय यादव, हरिशंकर यादव, भोला यादव, सत्यनारायण यादव, बिजेंद्र यादव, संदीप यादव, परमानंद दुबे, ददऊ चौबे, कौशल किशोर यदुवंशी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में माताएं, बहनें एवं श्रद्धालु शामिल हुए।



























































Leave a comment