Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज प्रेमी हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप

घोसी।इंदारा। घोसी सीओ सर्किल के कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा जंक्शन के पूर्वी रेलवे फाटक के पास सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरा आशिक अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोपागंज थाना पुलिस और यूपी 112 ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा और हिरासत में लेकर थाने ले आई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी अवनीश मौर्य (पुत्र संतोष मौर्य) सोमवार की सुबह इंदारा जंक्शन के पूर्वी रेलवे फाटक के पास स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी आवाजें दीं, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अदरी चौकी और 112 नंबर पुलिस को दी।परिजनों की बढ़ी मुश्किलें, घर में है शादी का माहौल।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अवनीश के घर में आगामी 1 जुलाई को उसकी बहन की शादी तय है। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी बीच युवक ने अपनी इस हरकत से परिजनों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। घटना के बाद से ही परिजन काफी परेशान और सहमे हुए हैं।
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है, जबकि प्रेमिका उससे (अवनीश से) शादी करना चाहती है। इसी बात से नाराज होकर उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल लड़के और लड़की, दोनों के परिजनों को थाने तलब किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
सीओ जितेंद्र सिंह ने मामले के संदर्भ में बताया कियह पूरा प्रकरण पुलिस के संज्ञान में है। युवक को टावर से सकुशल उतारकर हिरासत में ले लिया गया है और थाने पर पूछताछ की जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने और इस तरह का कृत्य करने के आरोप में युवक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh