महाराणा प्रताप जयंती पर गरजे बृजभूषण, बोले- देश का इतिहास फिर से लिखे जाने की जरूरत
कादीपुर, सुलतानपुर।वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार को कादीपुर कस्बे में आयोजित भव्य समारोह में पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने इतिहास, आरक्षण और सामाजिक एकता जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज का इतिहास कोई नया नहीं है। सतयुग, त्रेता, द्वापर और कलयुग हर युग में क्षत्रिय समाज ने सर्वसमाज की रक्षा के लिए संघर्ष किया है और आज भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
कस्बे के जूनियर हाई स्कूल मैदान में क्षत्रिय कल्याण परिषद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। समारोह के दौरान चीनी मिल तिराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा समाज और राष्ट्र की रक्षा के लिए लड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज के हर वर्ग के हित के लिए संघर्ष करना होगा।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह आरक्षण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसकी समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तव में गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इस पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने आयोजकों से आग्रह करते हुए कहा कि अगले वर्ष जब महाराणा प्रताप जयंती मनाई जाए तो अग्रिम पंक्ति में ब्राह्मण समाज के लोग भी बैठे दिखाई दें, तभी कार्यक्रम की वास्तविक सफलता मानी जाएगी।
इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के इतिहास को फिर से लिखे जाने की जरूरत है। उन्होंने ब्राह्मण राजा दाहिर, उनकी पुत्रियों और बप्पा रावल का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास के कई महत्वपूर्ण अध्यायों को पर्याप्त स्थान नहीं मिला। उन्होंने बिना नाम लिए महात्मा गांधी के संदर्भ में भी टिप्पणी करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने मुगलों और अंग्रेजों से संघर्ष किया, लेकिन इतिहास में कुछ ही घटनाओं को प्रमुखता दी गई।
कार्यक्रम को विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह,विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह,पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री राणा अजीत प्रताप सिंह,विधायक राजेश गौतम तथा नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। पूर्व बाहुबली सांसद धनंजय सिंह कार्यक्रम में आए तो परन्तु किन्हीं कारणों से मंच से दूरी बनाए रखें। मंच अव्यवस्थाओं का शिकार रहा बार बार आयोजकों द्वारा आग्रह करने पर भी लोग मंच पर और आस पास डटे रहे जिससे क्षुब्ध हो मुख्य अतिथि ने खुद माइक संभाल कर संचालन करने लगे और लोगों से मंच व गैलरी छोड़ने का निवेदन किया परन्तु लोगों पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा ।
इस दौरान अरविंद सिंह, सभासद बृजेश कुमार सिंह, कौशल सिंह, दिनेश सिंह, अजय सिंह, विक्रम फर्नीचर के डब्बू सिंह, मोहित सिंह, सर्वेश सिंह, हवलदार सिंह, वीरेंद्र सिंह प्रधान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी, सुनील पांडेय, संतोष मिश्रा एडवोकेट, दयाराम पांडेय एडवोकेट, राजीव कुमार सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।





















































Leave a comment