Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कृषि मंत्री ने जीर्णोद्धारोपरान्त कृषि भवन का किया लोकार्पण

देवरिया । प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि भवन के जीर्णोद्धार के उपरांत शनिवार को फीता काटकर एवं शिलालेख का अनावरण कर भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
          कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि भवन काफी पुराना एवं जर्जर हो चुका था, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में असुविधा हो रही थी। इसी को देखते हुए भवन का जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि अब भवन पूरी तरह व्यवस्थित एवं कार्य के अनुकूल हो गया है, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। साथ ही कृषि क्षेत्र में आधुनिक एवं नवाचारी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए।
          कृषि मंत्री ने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन कृषि परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि किसानों को समय से सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बैतालपुर में निर्मित कृषि प्रशिक्षण केंद्र में कृषि विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित कराने के निर्देश दिए।
            इस दौरान कृषि भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुके भेंट कर कृषि मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम के अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह द्वारा कृषि परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
         लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, श्रीनिवास मणि, उपनिदेशक कृषि सुभाष मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh