Crime News / आपराधिक ख़बरे

संदिग्ध हालत में वृद्ध का शव मिला दो दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी, पुलिस जांच पर उठे सवाल

आजमगढ़। जनपद के सगड़ी क्षेत्र अंतर्गत जीयनपुर कोतवाली इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब अल्लीपुर सिवान में एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चचार्एं शुरू हो गईं। सूचना पाकर जीयनपुर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतक की पहचान धरौहरा गांव निवासी इम्तेयाज अहमद (73 वर्ष), पुत्र अब्दुल कयूम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, इम्तेयाज अहमद बीते कुछ दिनों से लापता थे, जिसके चलते उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दो दिन पहले ही जीयनपुर कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद उनका इस तरह संदिग्ध हालात में शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रियता दिखाती, तो शायद वृद्ध की जान बचाई जा सकती थी। इलाके में यह भी चर्चा है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद खोजबीन में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। इसको लेकर लोगों में पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि यह हत्या का मामला है, हादसा है या किसी अन्य कारण से मृत्यु हुई है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग जल्द से जल्द सच्चाई सामने आने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh