Accidental News / दुर्घटना की खबरें

सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, चार पहिया वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की पत्नी हुई घायल

आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी अभय मौर्य (36) अपनी पत्नी शशिकला (34) के साथ किसी काम से आजमगढ़ आए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।शाम के समय जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धनछुला (जमीन हरखोरी) गांव के पास पहुंचते ही लाटघाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाटघाट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अभय मौर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शशिकला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई महेश की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।बताया जा रहा है कि अभय मौर्य अपने परिवार के बड़े बेटे थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी वाहन और चालक को पकड़ने का आश्वासन दिया है!!


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh