Latest News / ताज़ातरीन खबरें

यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: सामाजिक विज्ञान में उत्कृष्ट अंक लाने के लिए शिक्षिका ने दिए अहम सुझाव

जलालपुर, अम्बेडकरनगर।यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से जीजीआईसी जलालपुर की सामाजिक विज्ञान शिक्षिका अनुपमा सिंह ने छात्रों को महत्वपूर्ण अध्ययन सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, सही रणनीति और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने से सामाजिक विज्ञान विषय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।

अनुपमा सिंह ने विद्यार्थियों को सबसे पहले पाठ्य पुस्तक को प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किताब में दी गई परिभाषाएं, तथ्य, तिथियां और मुख्य बिंदु ध्यान से पढ़ना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही प्रत्येक अध्याय के बिंदुवार नोट्स बनाकर नियमित रिवीजन करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि उत्तर लेखन का अभ्यास भी परीक्षा में सफलता की कुंजी है। उत्तर साफ, क्रमबद्ध और आवश्यक बिंदुओं को अंडरलाइन करके लिखने से परीक्षक पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। वहीं मानचित्र कार्य को हल्के में न लेते हुए प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट अभ्यास करने की सलाह दी गई।

शिक्षिका ने छात्रों को पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करने, बहुविकल्पीय प्रश्नों का नियमित अभ्यास करने और प्रत्येक दिन कम से कम 20 प्रश्न तैयार करने का लक्ष्य रखने को कहा। साथ ही परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन पर ध्यान देने और तीन घंटे में पूरा प्रश्न पत्र हल करने का अभ्यास करने की बात कही।

अनुपमा सिंह ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी, पौष्टिक भोजन और 5 से 6 घंटे की पर्याप्त नींद लेने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन से ही बेहतर परिणाम संभव हैं।

अंत में उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि वे नियमित रूप से और सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करेंगे तो निश्चित रूप से सामाजिक विज्ञान विषय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करेंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh