Latest News / ताज़ातरीन खबरें

22 फरवरी को मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज, जनता इंटर कॉलेज परिसर में शुरू हुआ व्यापक सफाई अभियान

अहरौला आज़मगढ़ । अहरौला  के जनता इंटर कॉलेज स्थित बाग में 22 फरवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों सफाई कर्मियों को लगाकर व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है, वहीं जमीन को समतल करने के लिए जेसीबी मशीनों से कार्य कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बीते 23 जनवरी को खजुरी में महाराजा सुहेलदेव की जयंती के अवसर पर 22 फरवरी को अहरौला में आयोजित होने वाली समरसता रैली की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि जनता इंटर कॉलेज की बाग में आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री एवं दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसी मंच से अहरौला–कप्तानगंज 21 किलोमीटर लंबे मार्ग का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
यह मार्ग बीते करीब 15 वर्षों से जर्जर अवस्था में है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है। सड़क निर्माण के लिए लगभग 58 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया जा चुका है। लंबे समय से क्षेत्रीय जनता इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनरत रही है।
बीते 27 जनवरी को पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर एवं सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने जनता इंटर कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद गुरुवार से सैकड़ों सफाई कर्मियों एवं जेसीबी मशीनों की मदद से साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य शुरू कराया गया है।

सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने बताया कि 22 फरवरी को प्रस्तावित समरसता रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं दोनों उपमुख्यमंत्रियों के आगमन की संभावना है। कार्यक्रम में लगभग दो लाख लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है, जिसको लेकर तैयारियां अभी से प्रारंभ कर दी गई हैं। जल्द ही कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh