Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं युवा: अमान अहमद | भातकोल में यूथ मेले का भव्य आयोजन

मऊ। यूपी यूथ प्रोजेक्ट के अंतर्गत मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के भातकोल स्थित बासमती देवी बालिका इंटर कॉलेज में रविवार को युवा महोत्सव एवं यूथ मेले का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान भाटपारा सोफीगंज द्वारा किया गया, जिसमें संस्था से जुड़े 272 प्रतिभाशाली युवाओं को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र, मुख्य अतिथि समाजसेवी व शिक्षक अमान अहमद तथा विशिष्ट अतिथि पूनम सिंह द्वारा सरस्वती प्रतिमा के समक्ष पूजन-अर्चन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं को अंगवस्त्र, माल्यार्पण, स्मृतिचिन्ह, डायरी व कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।
युवा महोत्सव में किशोरियों एवं युवाओं द्वारा सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं। ब्रह्मश्री रामकृष्ण किशोरी संगठन भदवां की किशोरियों ने "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" विषय पर नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया। वहीं निस्वार्थ बालिका किशोरी संगठन द्वारा बाल विवाह पर आधारित नाटक ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इसके अतिरिक्त बुजुर्गों के अधिकार, समानता, शिक्षा का महत्व, लिंग भेद, संविधान की महत्ता, पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर नाटक, गीत, भाषण, एकल व समूह नृत्य तथा पेंटिंग प्रदर्शनी आयोजित की गई। कुमारी श्रेया एवं शशि द्वारा बनाई गई चित्रकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि अमान अहमद ने कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है और देश के सर्वांगीण विकास में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
संस्था के सचिव सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं एवं बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का सफल संचालन कुंवर अजीत प्रताप सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन एस.के. पांडेय ने किया। कार्यक्रम में पूनम सिंह, अमरेश यादव, विवेक पांडेय, रुद्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र पांडेय, भूपेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, बालक-बालिकाएं एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh