Latest News / ताज़ातरीन खबरें

‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत आजमगढ़ में स्पा सेंटर, मसाज पार्लर व होटलों की सघन चेकिंग, बाल तस्करी रोकथाम को लेकर जागरूकता

आजमगढ़।बाल तस्करी एवं बच्चों के शोषण की रोकथाम को लेकर जनपद पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 17 जनवरी 2026 को निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के कुशल मार्गदर्शन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में ‘ऑपरेशन रक्षा’ विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण समिति (CWC) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित रोडवेज परिसर तथा थाना सिधारी क्षेत्र के नरौली एवं कस्बा सिधारी में संचालित स्पा सेंटर, मसाज पार्लर एवं होटलों की सघन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं पाई गई। संयुक्त टीम द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
इसके साथ ही अभियान के दौरान आमजन को विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों — 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 एवं 181 — के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद पुलिस बाल तस्करी, मानव तस्करी एवं बच्चों के शोषण की रोकथाम के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है तथा इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh