झूलते विद्युत तार बने खतरे का कारण, ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
कादीपुर (सुलतानपुर)। तहसील क्षेत्र के कटसारी (खेमी का पुरवा) गांव में आवागमन मार्ग पर झूल रहे विद्युत तार ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों व दोपहिया वाहनों के लिए यह स्थिति कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
गांव निवासी एडवोकेट नितेश पाण्डेय ने इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि गांव के मुख्य आवागमन मार्ग पर विद्युत तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिससे रास्ता आंशिक रूप से बाधित हो गया है और लोगों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है।
एडवोकेट पाण्डेय ने मांग की है कि जल्द से जल्द लटके हुए विद्युत तारों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि बंद हो चुके मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से चालू हो सके और किसी भी संभावित हादसे से बचाव किया जा सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन और विद्युत विभाग से इस ओर शीघ्र ध्यान देने की अपील की है, ताकि समय रहते समस्या का समाधान हो और जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


















































Leave a comment