Latest News / ताज़ातरीन खबरें

झोलाछाप डाक्टर की लापरवाही के कारण हुई युवक मौत, बिना पंजीयन चल रहा चंद्रापाली क्लीनिक सील

आलापुर अम्बेडकर नगर।अम्बेडकर नगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में राजेसुल्तानपुर बाजार में झोलाछाप चिकित्सक की घोर लापरवाही के चलते एक और व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। बिना पंजीयन संचालित हो रहे चंद्रा पाली क्लीनिक में गलत इलाज के कारण ट्रक चालक की मौत हो गई।बीती गुरुवार की रात इटावा जनपद के भरथना तहसील क्षेत्र निवासी ट्रक चालक राम राकेश यादव (55 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप की तबीयत अचानक खराब हो गई। वह अपना वाहन खड़ा कर इलाज के लिए राजेसुल्तानपुर बाजार स्थित चंद्रा पाली क्लीनिक पहुंचा। आरोप है कि क्लीनिक संचालक झोलाछाप चिकित्सक ने मरीज को गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजेसुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह भेज दिया। मामले की शिकायतों के बाद जहांगीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. उदयचंद यादव स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में बिना पंजीयन चल रहे अस्पताल को सील कर दिया।बताया जा रहा है कि ट्रक चालक की मौत के बाद क्लीनिक संचालक रात में ही फरार हो गया। पुलिस अब तक तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही भी ऐसी घटनाओं के लिए कम जिम्मेदार नहीं है। जनपद में झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई कभी-कभार ही होती है और वह भी सिर्फ अस्पताल सील करने तक सीमित रह जाती है। मुकदमा दर्ज कराने में महीनों लग जाते हैं, जिससे आरोपी दूसरे स्थान पर दोबारा अपना अवैध संचालन शुरू कर देते हैं। जांच और कार्रवाई का सिलसिला सील के बाद भी अधर में लटका रहता है, जिससे ऐसी मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh