जीवन जीने की उत्तम व्यवस्था ही धर्म है – मुकेश आनंद जी महाराज
कादीपुर, (सुलतानपुर)।कादीपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आरएमबी एकेडमी विद्यालय, मंगरावा के प्रांगण में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता प्रसिद्ध कथावाचक एवं धर्माचार्य मुकेश आनंद जी महाराज रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
अपने प्रभावशाली उद्बोधन में मुकेश आनंद जी महाराज ने कहा कि “जीवन जीने की उत्तम व्यवस्था ही धर्म है।” उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में लगभग 400 से अधिक समुदाय हैं, जिनके अपने-अपने धर्म और आस्थाएं हैं, लेकिन उनमें सबसे व्यापक, उदार और मानव कल्याण पर आधारित धर्म हिंदू धर्म है। सनातन धर्म में नर से नारायण बनने की व्यवस्था है, जो इसे अन्य सभी मतों से विशिष्ट बनाती है।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज धन्य हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं को नहीं छोड़ा। आज आवश्यकता है कि हम जाति-पात, छुआछूत और भेदभाव को त्याग कर एकजुट होकर हिंदू समाज को मजबूत करें, क्योंकि हम सभी हिंदू हैं। भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति और प्राचीन सभ्यता से है, जिसे संरक्षित रखना हम सबका दायित्व है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जगदीश प्रसाद पांडे, विजय राज मुसहर एवं अमृता वर्मा ने भी सनातन धर्म, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन हरिश्चंद्र वर्मा ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक एवं विद्यालय के प्रबंधक राजमणि वर्मा पूर्व प्रमुख कादीपुर, बृजेश वर्मा, जय भारत, राम मूर्ति यादव, डॉ. प्रकाश त्रिपाठी, सुरेंद्र सिंह, संतोष मिश्रा एडवोकेट, नरेंद्र सिंह, रमेश कुमार त्रिपाठी, मनोज कुमार पांडे एडवोकेट, प्रेम शंकर पांडे, कृष्ण कुमार तिवारी,भाजपा मंडल अध्यक्ष दरगाही, निषाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और धर्म के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।




















































Leave a comment