Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे, दम घुटने से पांच की मौत मृतकों में दो सगे भाई, जीजा-साला भी शामिल

सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी पांच लोगों की हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दम घुटने से मौत हो गई। सभी लोग पेंटर का काम करने के लिए दो दिन पहले ही गांव से कुरुक्षेत्र गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान शेखपुरा कदीम निवासी नूर (26), सोनू (30), मदनपाल (42), रोशनपाल (45) और रामकुमार (46) के रूप में हुई है। नूर ठेकेदारी करता था और काम के सिलसिले में अन्य चारों को साथ लेकर गया था। नूर और सोनू आपस में सगे भाई थे।
बताया गया कि सभी लोग पिपली रोड स्थित होटल स्टर्लिंग रिसोर्ट में ठहरे हुए थे। सोमवार रात खाना खाने के बाद ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कोई बाहर नहीं निकला तो होटल के सफाईकर्मी को शक हुआ। खिड़की से झांकने पर कोई हलचल न दिखने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो कमरे के अंदर पांचों के शव पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में दम घुटने को मौत का कारण बताया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों के अनुसार नूर की शादी मात्र पांच महीने पहले हुई थी, जबकि सोनू की शादी तीन साल पहले हुई थी। दोनों के कोई संतान नहीं थी। माता-पिता और विवाहित बहनें हैं।
रोशनपाल और रामकुमार आपस में जीजा-साला थे। रोशनपाल के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। रामकुमार मूल रूप से तीतरों के गांव महमूदपुर का रहने वाला था और वर्तमान में सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र में रह रहा था। मदनपाल के भी तीन बच्चे हैं। हादसे से एक रात पहले ही उसने परिवार से फोन पर बातचीत की थी। पांच युवकों की एक साथ मौत से शेखपुरा कदीम गांव में कोहराम मचा हुआ है और हर आंख नम है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh