रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, दो चोरी के मोबाइल बरामद
देवरिया।मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ला पंकज चुघ के नेतृत्व में वाराणसी मंडल रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता तथा रेल परिसरों में चोरी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए निरंतर सघन निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 31 अगस्त, 2026 को बलिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान की चोरी की घटनाओं के अनावरण हेतु आरपीएफ बलिया, जीआरपी बलिया एवं सीआईबी वाराणसी की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक अभियुक्त को बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-01 के पश्चिमी छोर पर स्थित पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वाहिद शेख उर्फ गोरख पुत्र महबूब शेख, निवासी मधुबनी, थाना बैरिया, जनपद बलिया, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई। अभियुक्त के कब्जे से दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 52,000 रुपये है, बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उसने 09 जुलाई, 2026 की रात्रि में बलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-02 पर खड़ी ट्रेन से MOTO G 96 5G मोबाइल फोन चोरी किया था। वहीं, दूसरे बरामद मोबाइल फोन Vivo Y28 के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्त ने बताया कि यह मोबाइल फोन उसने अपने एक मित्र से लिया था। हालांकि, अभियुक्त अपने उक्त मित्र के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
इस संबंध में थाना जीआरपी बलिया पर पूर्व से पंजीकृत मु0अ0सं0 53/2026, धारा 304(2), 317(2), 317(4), दिनांक 06.08.2026 में अज्ञात अभियुक्त के स्थान पर गिरफ्तार अभियुक्त को दिनांक 31.08.2026 को ज्ञात अभियुक्त के रूप में दर्ज किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में आरपीएफ पोस्ट बलिया के निरीक्षक राज बहादुर सिंह, सीआईबी वाराणसी के कांस्टेबल मो. इजहार तथा जीआरपी बलिया के उप निरीक्षक सौरभ कुमार सिंह एवं कांस्टेबल अभिनंदन कुमार शामिल रहे।






















































Leave a comment