वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना जहानागंज का किया वार्षिक निरीक्षण अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा मंगलवार को थाना जहानागंज का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों का गहनता से अवलोकन किया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, महिला अपराध रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, मिशन शक्ति रजिस्टर, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति रजिस्टर सहित अपराध रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं समय-समय पर आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही मुकदमों से संबंधित वाहनों एवं थाना परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों के नियमानुसार निस्तारण तथा अभिलेखों एवं रजिस्टरों के बेहतर रख-रखाव के संबंध में संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं का अभियान चलाकर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों का यथाशीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय से न्याय मिल सके।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई एवं निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर अपराध से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को संबंधित खातों में तत्काल होल्ड कराने तथा नियमानुसार पीड़ितों को उनकी धनराशि वापस दिलाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना भोजनालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजनालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा पुलिसकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साइबर सेल एवं जनसुनवाई के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वालों में महिला आरक्षी नेहा सिंह, आरक्षी धर्मपाल यादव, आरक्षी संदीप, महिला आरक्षी शिखा सिंह, महिला आरक्षी संजू कुशवाहा, महिला आरक्षी अंजली पासवान एवं महिला आरक्षी ममता यादव शामिल हैं।
अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, महिला एवं साइबर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करने पर विशेष जोर दिया।






















































Leave a comment