Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नहर में डूबने से अधेड़ की मौत, भैंस चराने के दौरान हादसा, एक दिन से लापता था 55 वर्षीय व्यक्ति, ग्रामीणों ने नहर में शव देखकर दी सूचना

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में नहर में डूबने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा भैंस चराने के दौरान हुआ। मृतक सोमवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। मंगलवार को ग्रामीणों ने नहर में शव पड़ा देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी। शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, राम जोखन (55) पुत्र बंसीराम, निवासी पूरा नर्सिंग, सोमवार सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वह घर से करीब 800 मीटर दूर नहर के किनारे भैंस चराने गए थे। इसी दौरान किसी तरह वह नहर में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार को नहर के कूड़ा निकासन केंद्र, कोहड़ा के पास ग्रामीणों ने पानी में शव देखा। इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राम जोखन के रूप में की।
सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh