Latest News / ताज़ातरीन खबरें

फंदे से लटकता मिला महिला कांस्टेबल का शव व्हाट्सएप स्टेटस से मिला संकेत

अलीगढ़। यूपी पुलिस की एक महिला कांस्टेबल ने शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली, जिससे पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रोरावर थाने में तैनात 28 वर्षीय कांस्टेबल हेमलता का शव बन्नादेवी थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर कॉलोनी में उनके किराए के मकान से बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, हेमलता शनिवार दोपहर ड्यूटी पर नहीं पहुँची थीं। इसी दौरान एक साथी महिला कांस्टेबल ने उनका व्हाट्सएप स्टेटस देखा, जिस पर लिखा था— “मुझे माफ कर देना।” स्टेटस देखकर सहकर्मी तुरंत हेमलता के घर पहुँचीं और पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झाँकने पर हेमलता को फंदे से लटका देखा गया।
फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार के आने के बाद दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने बताया कि शव छत के पंखे से लटका मिला, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। हेमलता मूल रूप से आगरा जिले के किरावली क्षेत्र की निवासी थीं। उन्होंने वर्ष 2016 में यूपी पुलिस ज्वाइन की थी और रोरावर थाने में तैनाती के दौरान अकेले रह रही थीं। मकान मालिक भी पुलिस विभाग से ही जुड़ा बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक आत्महत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि उनका व्हाट्सएप स्टेटस जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। परिवार, सहकर्मियों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत तनाव, विभागीय दबाव या अन्य कारणों की संभावना पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी कुछ भी तय नहीं है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh