लखनऊ : पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह की हत्या के विरोध में राजधानी में उबाल, जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसियेशन (JPA) ने निकाला कैंडल मार्च
लखनऊ : प्रयागराज में पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह की निर्मम हत्या के विरोध में राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे पर पत्रकारों ने कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसियेशन (JPA) के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों ने शामिल होकर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी और हत्यारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उन पर हो रहे अत्याचार अस्वीकार्य हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि इस हत्या की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संगठन के प्रवक्ता देवकीनंदन पांडे ने इस घटना को "लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का प्रयास" बताया। उन्होंने कहा कि लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाते हैं।
कैंडल मार्च में संगठन के संरक्षक जोगिंदर सिंह खालसा, शिव शंकर मिश्रा, विवेक विश्व पांडे, अशोक यादव, उपाध्यक्ष रवि जायसवाल, उप सचिव विजय शंकर दुबे, कोषाध्यक्ष एवं विधि सलाहकार नरसिंह नारायण पांडे, प्रदेश प्रवक्ता देवकीनंदन पांडे, सहित प्रदेश और ज़िला स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं विभिन्न संस्थानों के पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पत्रकारों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आन्दोलन और व्यापक होगा।























































Leave a comment