होमगार्ड और पीआरडी जवानों के भरोसे ट्रैफिक व्यवस्था, त्योहारों में नहीं हुआ रूट डायवर्जन—बिलरियागंज में लगा घंटेभर लम्बा जाम
त्योहारों का मौसम आते ही बिलरियागंज नगर की बाजारें रौनक से भर गई हैं। सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ रही है। लेकिन इस भीड़भाड़ के बीच सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है जाम। घंटों तक वाहनों की कतारें लगी रहती हैं जिससे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बिलरियागंज, नगर पालिका बनने के बाद भी, ट्रैफिक नियंत्रण के मामलों में पिछड़ा हुआ नजर आता है। बाजार क्षेत्र में किसी भी तरह का रूट डायवर्जन लागू नहीं किया गया है। मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही इतनी अधिक है कि दोपहिया और ई-रिक्शा चालकों को भी निकलने में मुश्किल हो रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर प्रशासन ने हर साल की तरह इस बार भी सिर्फ खानापूर्ति की है। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी केवल होमगार्ड और पीआरडी जवानों को सौंप दी गई है, जबकि अनुभवी ट्रैफिक पुलिस कर्मी नदारद हैं। इससे सड़कों पर अफरातफरी मच रही है और कई बार बहस व झगड़े की स्थिति भी बन जाती है।राहगीरों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि त्योहारों के समय प्रशासन को पूर्व तैयारी करनी चाहिए थी। रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थल, और चौक-चौराहों पर स्थायी पुलिस प्वाइंट बनाए जाने की ज़रूरत थी, ताकि भीड़ नियंत्रण में रही। लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।स्थानीय व्यापारियों ने मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाए, अन्यथा आने वाले दिनों में हालात और भी विकराल हो सकते हैं।























































Leave a comment