भैंस चराने गए अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस की निष्क्रियता पर ग्रामीणों में आक्रोश
•खानपुर पिलाई गांव में हुई दर्दनाक वारदात, परिजनों का आरोप—पहले भी की गई थी शिकायत, पर कार्रवाई नहीं हुई
कादीपुर सुल्तानपुर ।अखंडनगर थाना क्षेत्र के खानपुर पिलाई गांव में सोमवार दोपहर भैंस चराने गए अधेड़ की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान उमाशंकर दूबे (पुत्र स्व. दिलीप दूबे) निवासी खानपुर पिलाई के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का पुत्र दिलीप दूबे ने थाना अध्यक्ष अखंडनगर को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता उमाशंकर दूबे सोमवार (21 अक्टूबर 2025) को दोपहर लगभग एक बजे गांव के दक्षिण दिशा में भैंस चराने गए थे। तभी आशीष पुत्र हल्दर लाल निवासी खुशामदपुर और विवेक निवासी खुशामदपुर सहित कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके पिता पर लाठी-डंडों व बेल्ट से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल उमाशंकर दूबे को परिवारजन इलाज के लिए ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पीड़ित पुत्र ने बताया कि उक्त लोगों से पहले भी विवाद हुआ था और इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस चौकी पर की गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो यह घटना न घटती।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी शंकर दूबे व अरविंद यादव ने भी मारपीट होते देखना व सुनना बताया है।
गांव में घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पुलिस की लापरवाही की जांच की मांग की है।
थाना प्रभारी अखंडनगर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।























































Leave a comment