स्कुली बच्चों से भरी जीप पलटी मचा हड़कंप 15 बच्चे थे सवार, बिना मान्यता विद्यालय संचालित
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के लपसीपुर स्थित मां लालती देवी शिक्षा निकेतन की स्कूल जीप मंगलवार सुबह बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। विभिन्न गांवों से छात्रों को लेकर भुजही से दौलताबाद की ओर जा रही जीप महाबलपुर-भुजही मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 15 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में धर्मपुर निवासी धर्मवीर के पुत्र आदित्य घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर तथा कंधे के पास चोट की पुष्टि की है। राहत की बात रही कि वाहन में सवार अन्य सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घटना के बाद विद्यालय के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि मां लालती देवी शिक्षा निकेतन बिना मान्यता के संचालित हो रहा है। वर्ष 2025 में खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने कई बार विद्यालय का निरीक्षण किया था। बिना मान्यता संचालन मिलने पर विद्यालय में ताला भी बंद कराया गया था और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 15 सितंबर 2025 को विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई एवं जुर्माने की प्रक्रिया शुरू की थी। आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद विद्यालय का संचालन लगातार जारी रहा। साथ ही बच्चों के परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहन भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को भी खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बच्चों की छुट्टी कराकर विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी की गई थी। हादसे के बाद एक बार फिर विद्यालय की मान्यता और छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।




















































Leave a comment