आजमगढ़: सराहनीय कार्य के लिए सर्विलांस सेल व अहरौला थाने के दो मुख्य आरक्षी सम्मानित
आजमगढ़। गंभीर आपराधिक मामले के सफल अनावरण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले जनपद पुलिस के दो मुख्य आरक्षियों को सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में मुख्य आरक्षी जयदेव मौर्य (सर्विलांस सेल, आजमगढ़) एवं मुख्य आरक्षी हरिश्चंद्र भास्कर (थाना अहरौला) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस विभाग के अनुसार दोनों पुलिसकर्मियों ने थाना बरदह के गैंगस्टर प्रकरण के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी कार्यशैली के चलते मामले में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने दोनों मुख्य आरक्षियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद पुलिस अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया जाता रहेगा।
सम्मान समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।






















































Leave a comment