आजमगढ़: SIT जांच में खुला मदरसा घोटाला, फर्जी दस्तावेजों से सरकारी अनुदान हड़पने के आरोप में 25 हजार का इनामी अनीस गिरफ्तार
आजमगढ़। फर्जी मदरसे के नाम पर शासकीय धनराशि के गबन के प्रयास के मामले में आजमगढ़ कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मदरसा पोर्टल पर फर्जी अभिलेख अपलोड कर सरकारी अनुदान प्राप्त करने का प्रयास करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, जनपद आजमगढ़ में मदरसा पोर्टल पर अपलोड संस्थानों के सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में मदरसे निर्धारित मानकों के विपरीत और अवैध पाए गए। राज्य विशेष अनुसंधान दल (SIT) की जांच में मदरसतुल निशां निस्वां, आजमगढ़ (मदरसा आईडी-191100693) भी अवैध एवं फर्जी पाया गया।
जांच में आरोप है कि मदरसा पोर्टल पर भवन, छात्र संख्या और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां फर्जी रूप से अपलोड कर शासकीय अनुदान प्राप्त करने का प्रयास किया गया। इस संबंध में मदरसे के प्रबंधक अनीस पुत्र इसहाक के विरुद्ध थाना कोतवाली में मु0अ0सं0-69/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 409, 420, 467, 468 और 471 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 10 जून 2026 को आरोपी अनीस पुत्र इसहाक, निवासी नोनहटा, शाहगंज, जनपद जौनपुर, को रोडवेज परिसर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की आयु लगभग 85 वर्ष है और उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

















































Leave a comment