स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित।
देवरिया ।मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) श्री अनुभव पाठक के नेतृत्व में आज 14 अक्टूबर 2026 को मंडल के बनारस, वाराणसी सिटी, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेल्थरा रोड, सलेमपुर, प्रयागराज रामबाग सहित विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस दौरान रेलवे कर्मचारियों, ओबीएचएस (OBHS) स्टाफ, पैंट्री एवं कैटरिंग स्टाफ, स्टेशन वेंडरों तथा ठेकेदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 के प्रमुख प्रावधानों, कचरे के पृथक्करण, अधिक मात्रा में कचरा उत्पन्न करने वालों की जिम्मेदारियों तथा नियमों के उल्लंघन पर निर्धारित जुर्माने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही, कचरे के उचित प्रबंधन एवं निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ब्रीफिंग सत्र और क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कर्मचारियों एवं वेंडरों को कचरे का पृथक्करण करने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्वच्छता रैली के माध्यम से ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ तथा ‘आओ, भारतीय रेल को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाएँ’ जैसे नारों के साथ यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सार्वजनिक उद्घोषणाओं के माध्यम से भी यात्रियों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर स्वच्छता संबंधी रेल संवाद का आयोजन कर स्टेशन परिसर एवं कार्यस्थलों की साफ-सफाई, डस्टबिन के रंगों के अनुरूप कचरे के पृथक्करण तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। रेल प्रशासन ने सभी रेलकर्मियों, वेंडरों एवं यात्रियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल परिसर के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
























































Leave a comment