छह साल के संघर्ष के बाद जागी उम्मीद, नसीरपुर खालसा मार्ग निर्माण की प्रक्रिया शुरू
निजामाबाद/आजमगढ़, 9 अगस्त 2026।तहसील निजामाबाद क्षेत्र के नसीरपुर खालसा मार्ग स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा वाले मार्ग के निर्माण को लेकर वर्ष 2020 से लगातार चल रहे संघर्ष को अब सफलता मिलने की उम्मीद जगी है। राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार एवं समाजसेविका कुलदीप कौर सहित क्षेत्रीय लोगों की मांगों और लगातार की जा रही लिखित पैरवी के बाद मार्ग निर्माण कार्य की दिशा में प्रशासन की ओर से कार्रवाई आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
समाजसेवी अरुण कुमार ने बताया कि वर्ष 2020 से ही उक्त मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है। इस संबंध में प्रशासन, शासन एवं सरकार को प्रत्येक वर्ष लिखित रूप से पत्र भेजकर मार्ग निर्माण की मांग उठाई जाती रही है। लगातार छह वर्षों से की जा रही पैरवी के दौरान संबंधित अधिकारियों से पत्राचार भी किया गया, जिसकी आख्या भी प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से मार्ग निर्माण की मांग उठाए जाने के बाद अब उम्मीद जगी है कि वर्षों से किया जा रहा संघर्ष जनहित में सार्थक परिणाम देगा और मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराया जाएगा।
समाजसेविका कुलदीप कौर ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाई जाती रही है। नसीरपुर खालसा मार्ग का निर्माण भी इसी संघर्ष का हिस्सा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन एवं शासन जनहित की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द मार्ग निर्माण कार्य को पूर्ण कराएगा।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि मार्ग का निर्माण पूरा हो जाता है तो आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। छह वर्षों से जारी संघर्ष के बाद अब लोगों की निगाहें मार्ग निर्माण कार्य के धरातल पर शुरू होने पर टिकी हैं।























































Leave a comment