Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बारिश में खोल नगर विकास की पोल,  नूरीगंज बाजार से लेकर नगर पंचायत कार्यालय तक पानी ही पानी

देवरिया। आदर्श नगर पंचायत में विकास कार्यों की पोल खोल कर रख दिया। कुछ घंटे की बारिश के बाद ही नगर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। सड़कों और गलियों में जमा बरसाती पानी नगर की जल निकासी व्यवस्था लड़खडाता नजर आया। रास्ते पर राहगीरों से लेकर स्कूली बच्चों तक को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ा।

नगर में जलजमाव का सबसे खराब स्थिति नूरीगंज बाजार में देखने को मिला। यहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद बारिश के पानी की निकासी का समुचित व्यवस्था ‌न होने से बाजार तालाब में तब्दील हो गया। दुकानदारों और राहगीरों को पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा।

हैरानी की बात यह रही कि नगर पंचायत कार्यालय परिसर भी जलभराव की चपेट में आ गया। जिस कार्यालय से नगर की समस्याओं के समाधान और विकास की योजनाएं तैयार होने की उम्मीद की जाती है, वहीं बारिश के बाद पानी निकासी की व्यवस्था बेबस नजर आई। नगर के लगभग सभी वार्डों में कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली।

बारिश ने नगर के उन दावों पर भी पानी फेर दिया, जिनमें चुनाव के दौरान विकास की लंबी-लंबी बातें की जाती हैं। चुनावी मौसम आते ही जनप्रतिनिधियों के घोषणापत्र में विकास की गंगा बहाने और नगर की तस्वीर बदलने के दावे खूब सुनाई देते हैं। खुद को सबसे ईमानदार, कर्मठ और जनता का सच्चा सेवक बताकर प्रचार-प्रसार भी जोर-शोर से किया जाता है। लेकिन बारिश की कुछ बूंदें पड़ते ही विकास के दावों की असलियत सड़कों पर जमा पानी के रूप में दिखाई देने लगती है।

स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को घुटनों तक पानी पार कर आवागमन करते देख व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। नगरवासियों का कहना है कि हर साल बारिश में जलजमाव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय समस्या को हर बार अगली बारिश तक टाल दिया जाता है।

अब नगर की जनता की निगाहें जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत प्रशासन की ओर हैं। बारिश ने तो अपना काम कर दिया, अब देखना यह है कि जिम्मेदार कब जागते हैं। फिलहाल नगर की सड़कों पर जमा पानी विकास के दावों का आईना बना हुआ है। आने वाले नगर निकाय चुनाव में जनता के आक्रोश का असर कितना दिखाई देगा, इसका जवाब चुनावी नतीजे ही देंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh