घोसी में ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत ब्लॉक पैरवी दल की महिलाओं ने कार्यालयों में पहुंच कर ली जानकारी
घोसी।मऊ। भगवान मानव कल्याण समिति द्वारा संचालित ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को ब्लॉक परिसर में ब्लॉक पैरवी दल (बीएजी) की सदस्याओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आमना-सामना बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में 16 ग्राम पंचायतों की महिला सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित समस्याओं का समाधान किया, जबकि सहायक विकास अधिकारी (कृषि) ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं कृषि विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान महिला सदस्याओं ने ग्राम स्तर की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनका संबंधित विभागों द्वारा समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बैठक के बाद ब्लॉक पैरवी दल की सदस्याओं का तहसील मुख्यालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार सिंह, तहसीलदार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने राजस्व कार्यों, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी दी।
इसके बाद महिलाओं ने कोतवाली, आपूर्ति कार्यालय एवं सीओ कार्यालय का भी भ्रमण किया। सीओ जितेन्द्र सिंह ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, कानून व्यवस्था एवं महिलाओं के अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में बेझिझक पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना तथा विभागों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सामाजिक एवं प्रशासनिक रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में संस्था की प्रोजेक्ट डायरेक्टर पूनम सिंह, परियोजना समन्वयक सैयद अरशद, फलक, रीमा, सुनीता सहित ब्लॉक पैरवी दल की सदस्याएँ सोनम, पुष्पा, पिंकी, निर्मला, प्रेमा, शांति, निशा, पूनम एवं अन्य महिलाएँ उपस्थित रहीं।























































Leave a comment