प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर ₹1.90 लाख की ठगी का आरोप
सुल्तानपुर।भाजपा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने दी तहरीर ।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजमणि वर्मा का आरोप—विश्वास में लेकर नकद और खाते में ली रकम, न आवास मिला और न लौटाए पैसे; पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग
कादीपुर (सुलतानपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ₹1.90 लाख की कथित ठगी का मामला सामने आया है। कादीपुर क्षेत्र के मंगरावा गांव निवासी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजमणि वर्मा ने करौंदीकला थाना क्षेत्र के सरसी गांव निवासी तथा भाजपा करौंदीकला मंडल अध्यक्ष विक्रमाजीत वर्मा उर्फ विक्की वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राजमणि वर्मा का आरोप है कि विक्रमाजीत वर्मा ने उन्हें विश्वास में लेकर उनकी ग्राम सभा के पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया। आरोप के अनुसार विक्की वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय में एक प्रभावशाली व्यक्ति से उनके अच्छे संबंध हैं और उसी के माध्यम से आवास स्वीकृत करा दिए जाएंगे।
तहरीर के मुताबिक, इसी भरोसे में आकर राजमणि वर्मा ने कुल ₹1.90 लाख दिए। इनमें ₹1.50 लाख नकद तथा ₹40 हजार विकास वर्मा नामक व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो किसी पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला और न ही दी गई रकम वापस की गई।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने कई बार अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित रूप से रकम लौटाने से इनकार कर दिया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कहा, "जो करना हो कर लो, मेरी पकड़ ऊपर तक है।" इसके बाद उन्हें लगा कि उनके साथ धोखाधड़ी कर रकम हड़पने की नीयत से यह पूरा प्रकरण किया गया।
राजमणि वर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके साथ विश्वासघात कर बेईमानी से रुपए हड़प लिए गए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, इस संबंध में पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाएगी।























































Leave a comment