लव मैरिज से इन्कार पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती परिजनों ने तय की थी दूसरी जगह शादी, मानसिक तनाव में उठाया कदम
बलिया। जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित रखा। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे 25 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह जिस युवक से प्रेम विवाह करना चाहती थी, उसने शादी से इनकार कर दिया। वहीं, उसके परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य स्थान पर तय कर दी थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। गौरतलब है कि बलिया में अपनी मांग या जिद मनवाने के लिए मोबाइल अथवा बिजली के टावर पर चढ़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद या अन्य कारणों से लोग इस तरह के खतरनाक कदम उठा रहे हैं, जिससे पुलिस-प्रशासन को रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारना पड़ता है।





















































Leave a comment