Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पुण्य तिथि पर शिक्षा और पर्यावरण का संदेश, 25 मेधावी छात्रों को मिली छात्रवृत्ति

•सुधाकर तिवारी मेमोरियल ट्रस्ट ने पांच-पांच हजार रुपये के चेक, प्रशस्ति पत्र और आम के पौधे किए वितरित, सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

कादीपुर (सुलतानपुर)।सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के लिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले इंडोगल्फ फर्टिलाइजर (बिरला समूह) के पूर्व महाप्रबंधक एवं समाजसेवी स्व. बाबू सुधाकर तिवारी की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उनके पैतृक गांव मलिकपुर में श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें शिक्षा, समाजसेवा और मानवीय मूल्यों का प्रेरक व्यक्तित्व बताया।

सुधाकर तिवारी मेमोरियल ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए पांच-पांच हजार रुपये के चेक, प्रशस्ति पत्र तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से एक-एक आम का पौधा भेंट किया गया। ट्रस्ट की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. सुधाकर तिवारी ने अपने जीवन में उच्च पद पर रहते हुए भी समाज और अपनी मातृभूमि से कभी नाता नहीं तोड़ा। उन्होंने हमेशा शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता दी। उनके बताए आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में स्व. सुधाकर तिवारी के पुत्र जितेंद्र तिवारी (मुन्ना) ने उनके जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके पिता की प्रारंभिक शिक्षा कोलकाता में हुई थी। इसके बाद उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की और बिरला समूह की इंडोगल्फ फर्टिलाइजर इकाई में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों के प्रति विशेष लगाव के चलते स्व. तिवारी ने कोलकाता में 'सुलतानपुर समाज' की स्थापना की थी, जो आज भी पश्चिम बंगाल में सामाजिक, सांस्कृतिक और परोपकारी गतिविधियों के माध्यम से सुलतानपुर जनपद के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रही है। संस्था आज भी अपने मूल उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय होकर समाजहित में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के संरक्षक एवं स्व. सुधाकर तिवारी के अनुज श्रीनेत तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि स्व. सुधाकर तिवारी के अधूरे सामाजिक सपनों को साकार करने के लिए ट्रस्ट लगातार शिक्षा, पर्यावरण और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करता रहेगा।

समारोह में संतोष कुमार तिवारी, सुधाकर मिश्र, प्रभुदत्त दूबे, पंकज मिश्र, मनोज पांडेय, प्रेमशंकर पांडेय सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्व. सुधाकर तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh