Latest News / ताज़ातरीन खबरें

*मंडल रेल प्रबंधक ने इंदारा–फेफना रेलखंड पर संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं का किया व्यापक निरीक्षण*

मऊ।वाराणसी।  रेल संरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन, तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल

  रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने आज दिनांक 18 जुलाई 2026  को  अपने मंडलीय अधिकारियों के साथ इंदारा–फेफना रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे संरक्षा, परिचालन व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण किया ।निरीक्षण के दौरान किमी 44/12 पर स्थित समपार संख्या 27 (स्पेशल) एवं वहां स्थापित सिग्नलिंग उपकरणों का संरक्षा निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर समपार पर कार्यरत गेटमैन नन्दलाल यादव के संरक्षा संबंधी ज्ञान एवं कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सभी कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में किमी 38/30 पर स्थित ओएचई मास्ट पर स्थापित ऑटो टेंशनिंग डिवाइस (ए टी डी) का भी गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेल लेवल, इम्प्लांटेशन, स्टैगर, एटीडी के फ्री मूवमेंट तथा तापमान सहित विभिन्न तकनीकी मानकों का परीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को सभी तकनीकी एवं संरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंडल रेल प्रबंधक ने रतनपुरा, रसड़ा एवं चिलकहर रेलवे स्टेशनों का भी निरीक्षण कर पैनल रूम, रिले रूम, आई.पी.एस. रूम, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया तथा अन्य परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रतनपुरा स्टेशन पर RailOne ऐप के प्रचार-प्रसार हेतु टिकट काउंटर पर सूचना बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए।
रसड़ा रेलवे स्टेशन पर आरक्षित टिकट काउंटर का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने, रिले रूम में स्पेयर एसी कनेक्शन उपलब्ध कराने, पुराने डीजी सेट का जीआरपी कार्यालय के रूप में उपयोग सुनिश्चित करने, बरसात के मौसम को देखते हुए छतों की नियमित सफाई कराने तथा खान-पान स्टॉलों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए।
चिलकहर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरणों, स्टेशन भवन, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए स्टेशन परिसर के नियमित रखरखाव तथा संरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान रसड़ा–चिलकहर रेलखंड के मध्य किमी 12/11 पर स्थित 7ए लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का भी निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने जल निकासी व्यवस्था, सड़क संपर्क एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए नियमित रखरखाव तथा सभी सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुँवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, मंडल इंजीनियर (सामान्य) लोकेश कुमार सगरवंशी, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर पुष्पेन्द्र कुमार वैश, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन, उत्कृष्ट संरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। उक्त जानकारी हिमांशु राव,मुख्यप्रचार निरीक्षकने दी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh