Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 329 शिकायतें पहुंचीं; 27 का मौके पर निस्तारण

•लम्भुआ तहसील में सीडीओ विनय कुमार सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दिए निर्देश

सुलतानपुर। शासन के निर्देश पर जुलाई माह के तृतीय शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में लम्भुआ तहसील फरियादियों से खचाखच भरी रही। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 329 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 27 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत दी गई, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

तहसील सभागार में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित हो।

सीडीओ विनय कुमार सिंह ने विशेष रूप से भूमि विवादों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करे और तथ्यों के आधार पर विवाद का निस्तारण सुनिश्चित करे, ताकि अनावश्यक विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि ऐसा समाधान किया जाए जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय, समाज कल्याण, कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। मौके पर निस्तारित मामलों में अधिकांश शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी लम्भुआ प्रीति जैन सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जिले की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनीं। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनसुनवाई व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh