आईजीआरएस प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
देवरिया । आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही एवं त्रुटिपूर्ण कार्रवाई पाए जाने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी इन दिनों आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण की नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा प्रत्येक प्रकरण का फीडबैक स्वयं प्राप्त कर रहे हैं। समीक्षा के दौरान जिन प्रकरणों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट पाया गया अथवा निस्तारण त्रुटिपूर्ण मिला, उनमें संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आईजीआरएस फीडबैक की समीक्षा के दौरान सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी को दो प्रकरणों में तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज, खंड विकास अधिकारी भटनी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भागलपुर को एक-एक प्रकरण के त्रुटिपूर्ण निस्तारण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज को भूमिगत नाली निर्माण संबंधी शिकायत, खंड विकास अधिकारी भटनी को प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी को ग्राम पंचायत में साफ-सफाई से जुड़े दो प्रकरणों तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भागलपुर को नाली निर्माण संबंधी शिकायत के त्रुटिपूर्ण निस्तारण के लिए नोटिस जारी किया है। साथ ही सभी अधिकारियों को आईजीआरएस निस्तारण में शिथिलता के लिए आगाह किया है।


























































Leave a comment