Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: “माफिया किंग” बनकर रील बनाने वाला युवक पवई पुलिस की कार्रवाई में आया, थाने बुलाकर की गई काउंसलिंग

पवई, आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने और “माफिया किंग” के नाम से रील बनाकर पोस्ट करने वाले एक युवक के खिलाफ पवई पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने युवक को उसके अभिभावकों की मौजूदगी में थाने बुलाकर काउंसलिंग की और निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।

पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान जानकारी मिली कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर “माफिया किंग (KILLER UP TM 9521__)” और “राजभर जी जयहिन्द भाई यूपी-50 आजमगढ़ 9521” नाम से गैंग बनाकर वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। आरोप है कि ये युवक समूह में क्षेत्र में घूमते हुए गैंग संस्कृति का प्रदर्शन करते थे और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते थे, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो रहा था।

जांच के दौरान पवई पुलिस ने गैंग से जुड़े विनय कुमार सिंह उर्फ सिप्पू सिंह (28 वर्ष) पुत्र विनय सिंह, निवासी अहिलासपुर, थाना पवई की पहचान की। इसके बाद उसे अभिभावकों के साथ थाने बुलाया गया, जहां पुलिस ने उसकी विस्तृत काउंसलिंग की।

काउंसलिंग के दौरान युवक को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने उसे भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत भी दी।

आजमगढ़ पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें कानून का सम्मान करने तथा सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन वज्रपात के तहत गैंग संस्कृति और आपराधिक छवि को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती, आरक्षी विकास यादव एवं रिक्रूट आरक्षी पुष्कर सिंह शामिल रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh