आजमगढ़: जहानागंज पुलिस ने 5 घंटे में ढूंढ निकालीं लापता दो किशोरियां, काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा
जहानागंज, आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 के तहत जहानागंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई दो किशोरियों को महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ और काउंसलिंग के बाद दोनों किशोरियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को एक महिला ने थाना जहानागंज में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री और उसकी सहेली सुबह करीब 11 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम में महिला उपनिरीक्षक आरती यादव, उपनिरीक्षक बीरबल यादव, महिला आरक्षी ममता यादव, कांस्टेबल अनिल कुमार, मुकेश शाह और संदीप शामिल रहे। टीम ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया और शाम करीब 4 बजे जिगरसंडी सरैया क्षेत्र से दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान किशोरियों ने बताया कि वे बिना किसी को बताए अपनी एक परिचित के पास चली गई थीं। इसके बाद मिशन शक्ति टीम ने दोनों की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया।
जहानागंज पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं, आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए विभाग लगातार सजग और प्रतिबद्ध है।


















































Leave a comment