आजमगढ़: इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर छवि दिखाने वाला युवक अहरौला पुलिस की कार्रवाई में आया, थाने बुलाकर की गई काउंसलिंग
अहरौला, आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने और आपराधिक छवि प्रस्तुत करने वाले एक युवक के खिलाफ अहरौला पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने युवक को उसके अभिभावकों की मौजूदगी में थाने बुलाकर काउंसलिंग की और उसके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान जानकारी मिली कि कुंदन चौबे पुत्र जनमेजय चौबे, निवासी बस्ती भुजवल, थाना अहरौला, इंस्टाग्राम आईडी "its_kundan_baba_9mm" से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पोस्ट और वीडियो साझा कर रहा था। आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ बाइक के काफिले में घूमते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
सूचना के आधार पर थाना अहरौला पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे उसके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। यहां पुलिस अधिकारियों ने उसकी विस्तृत काउंसलिंग करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और उसके दुरुपयोग से होने वाले कानूनी परिणामों की जानकारी दी।
पुलिस ने युवक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126, 135 एवं 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है।
आजमगढ़ पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने या आपराधिक छवि बनाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन वज्रपात के तहत यह अभियान लगातार जारी है।


















































Leave a comment