Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में मानकों के खिलाफ चल रहे ईंट भट्ठों पर होगी सख्त कार्रवाई, अपर आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश

आजमगढ़। मंडल में नियमों और निर्धारित मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर आयुक्त (प्रशासन) प्रमोद कुमार पाण्डेय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में अवैध रूप से संचालित सभी ईंट भट्ठों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त के निर्देश पर आयोजित बैठक में अपर आयुक्त ने कहा कि राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लखनऊ द्वारा जिन ईंट भट्ठों के विरुद्ध बंदी आदेश जारी किए गए हैं, उन्हें जिला प्रशासन के सहयोग से तत्काल बंद कराया जाए। इसके साथ ही बिना जल एवं वायु सहमति प्रमाणपत्र (कंसेंट) के संचालित हो रहे ईंट भट्ठों पर भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किए बिना किसी भी ईंट भट्ठे को जिला पंचायत अथवा जिला प्रशासन द्वारा फुंकाई या खनन पट्टे की अनुज्ञप्ति नहीं दी जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खनन, वन, जीएसटी, उद्यान एवं श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए और किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी न होने पाए।

अपर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि ईंट भट्ठों के संचालन में पैन कार्ड को अनिवार्य बनाया जाए तथा अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण संबंधित विभाग तत्काल उपलब्ध कराएं।

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत मऊ के अपर मुख्य अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर अपर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। बैठक में आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh