अनियंत्रित ट्रेलर के रतनपुरा में तीन दुकानों में घुसने से लगभग 6 लाख की संपत्ति नष्ट
घोसी । रतनपुरा। रतनपुरा रसड़ा मार्ग पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो कर शहीद चौक, रतनपुरा के पास एक दुकान में घुस गया। इसके चलते दूकान में रखा सामान नष्ट हो गया, देर रात्रि होने से घटना में जन हानि नहीं हुई। रात करीब 12 बजे मऊ से रसड़ा जा रहा 18 चक्का ट्रेलर BR 28 GB /6915 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी तीन दुकानों में जा घुसा। हादसे में लगभग 6 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो कर पहले बिजली के खंभे से टकराया। इसके बाद दुकानों के अगले हिस्से और टीन शेड को रौंदते हुए एक किराने की दुकान में फंसकर रुक गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धमाके की आवाज से आसपास के दुकानदारों की नींद टूट गई। खंभे से टकराने के कारण दुकानों के टीन शेड में करंट उतर आया था, जिसे तत्काल फोन कर बिजली कटवाई गई।
हादसे में दुकानदार धर्मेंद्र कुमार गुप्त की मिठाई की दुकान का शटर, डीप फ्रीज, काउंटर, चौकी, मेज-ब्रेंच और रखी मिठाइयां नष्ट हो गईं। उन्हें 3 से 4 लाख का नुकसान हुआ है। वहीं मोबाइल कारोबारी जितेंद्र कुमार गुप्त की दुकान में रखी बाइक, सीसीटीवी कैमरा, शटर, दीवारें व मोबाइल सामग्री चकनाचूर हो गई। जितेंद्र ने बताया कि वह बैंक से ऋण लेकर कारोबार कर रहे थे और करीब 3 लाख की क्षति हुई है। तीसरी दुकानदार रामपति मद्धेशिया का टीन शेड पूरी तरह टूट गया।
स्थानीय लोगों ने केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल ट्रेलर चालक को अस्पताल पहुंचाया और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि ट्रेलर जय मां शारदा ट्रांसपोर्ट कंपनी, गीडा गोरखपुर का है।घटना के बाद शहीद चौक की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत कर्मी खंभे व तार की मरम्मत में जुटे हैं। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में तहरीर देकर मुआवजे की मांग की है।
























































Leave a comment