गरीब ट्रैक्टर स्वामिनी की मदद को आगे आए एआरटीओ प्रवर्तन, खुद जमा किए 19 हजार रुपये
आजमगढ़, 8 जून। पवई क्षेत्र में अवैध मिट्टी ढुलाई के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के दौरान पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली के मामले में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गरीब वाहन स्वामिनी की आर्थिक सहायता की। उन्होंने स्वयं 19 हजार रुपये जमा कराकर वाहन को छुड़ाने में मदद की, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव निवासी भगवती देवी पत्नी शंकर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को करीब 12 दिन पूर्व पवई क्षेत्र में जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन में पकड़ा गया था। वैधानिक कार्रवाई के तहत वाहन को सीज कर शहर कोतवाली में खड़ा कराया गया और उस पर 39 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि यही ट्रैक्टर-ट्रॉली परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इतनी बड़ी धनराशि जुटाना संभव नहीं है। परिवार की स्थिति को देखते हुए एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने व्यक्तिगत पहल करते हुए अपने स्तर से 19 हजार रुपये जमा किए, जबकि शेष 20 हजार रुपये वाहन स्वामी पक्ष द्वारा जुटाए गए। पूरी धनराशि जमा होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर वाहन को मुक्त कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।
वाहन स्वामिनी भगवती देवी ने बताया कि वह अपनी आठ वर्षीय पुत्री के साथ थाने के चक्कर लगा रही थीं। एआरटीओ प्रवर्तन से मिलने पर उन्होंने न केवल आर्थिक मदद की, बल्कि उनकी बेटी की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया और उसे मिठाई भी दी। भगवती देवी ने अतुल कुमार यादव के व्यवहार और सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने कहा कि नियमों का पालन कराना विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कानून के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को भी समान महत्व मिलना चाहिए।
अधिकारी की इस पहल की स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों का ऐसा संवेदनशील व्यवहार समाज में सकारात्मक संदेश देता है और आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत करता है।


















































Leave a comment