Latest News / ताज़ातरीन खबरें

उ0प्र0 पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस का डीएम एवं एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण

•नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपादन हेतु व्यवस्थाओं का लिया जायजा

आजमगढ़, 08 जून 2026।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन जनपद में 08, 09 एवं 10 जून 2026 को दो पालियों में किया जा रहा है। परीक्षा के प्रथम दिवस जनपद के सभी 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कुशलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, संदिग्ध गतिविधि अथवा परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने के प्रयास की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की सघन जांच के उपरांत ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा गिरोह के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh