ड्यूटी से लौटे होमगार्ड जवान की खेत में करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के एकौना गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में यूपी-112 में तैनात होमगार्ड जवान संजय पांडेय (56) की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, चक्रपानपुर ग्राम सभा के एकौना गांव निवासी संजय पांडेय यूपी-112 की पीआरबी-6207 में होमगार्ड चालक के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह अपने खेत की निगरानी के लिए गए थे। सिंचाई के कारण खेत में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेत के पास लगे बिजली के पोल के स्टैक में अचानक करंट आ गया और उसके संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार झटका लगा, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी संजू पांडेय और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा ज्ञान प्रकाश कोलकाता तथा छोटा बेटा प्रेम प्रकाश मुंबई में निजी नौकरी करता है। पिता के निधन की सूचना मिलते ही दोनों बेटे घर के लिए रवाना हो गए।
संजय पांडेय के असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने उन्हें मिलनसार और सरल स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठ रही है।


















































Leave a comment