100 मीटर तक दौड़ाकर पत्नी का रेता गला जमानत पर छूटकर आए आरोपी ने घटना को दिया अंजाम छह माह की मासूम बेटी को गोद में लेकर घटनास्थल पर खड़ा रहा
100 मीटर तक दौड़ाकर पत्नी का रेता गला जमानत पर छूटकर आए आरोपी ने घटना को दिया अंजाम
छह माह की मासूम बेटी को गोद में लेकर घटनास्थल पर खड़ा रहा
गाजीपुर। गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के मुबारकपुर कुदुरतुल्ला गांव स्थित बाजार में सोमवार की शाम घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी कुसुम विश्वकर्मा (30) की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी अपनी छह माह की बेटी को गोद में लेकर घटनास्थल पर ही खड़ा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, कुसुम विश्वकर्मा ने करीब दो वर्ष पहले अपने पहले पति से अलग होने के बाद गुरैनी निवासी हनी राम से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों अपनी छह माह की बेटी के साथ मुबारकपुर कुदुरतुल्ला बाजार में किराये के मकान में रहते थे। कुसुम घर में ब्यूटी पार्लर संचालित करती थीं, जबकि हनी राम ऑर्केस्ट्रा का संचालन करता था। बताया गया कि 26 जुलाई को एक महिला ने हनी राम पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। इस मामले में कुसुम भी शिकायतकर्ता महिला के साथ थाने पहुंची थीं। पुलिस जांच में आरोप असत्य पाए जाने पर 27 जुलाई को हनी राम का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया था। सोमवार शाम जमानत पर छूटकर घर लौटने के बाद हनी राम कथित तौर पर चाकू लेकर पत्नी के पीछे दौड़ा। जान बचाने के लिए कुसुम करीब 100 मीटर तक भागीं, लेकिन आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल कुसुम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हत्या के बाद आरोपी अपने किराये के मकान पहुंचा, जहां उसकी छह माह की बेटी सो रही थी। उसे गोद में उठाकर वह दोबारा घटनास्थल पर पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। शादियाबाद थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।





















































Leave a comment