Latest News / ताज़ातरीन खबरें

35 से अधिक मुकदमों वाला इनामी सुपारी किलर बब्लू सिंह मुठभेड़ में ढेर, बोले SSP डॉ. अनिल कुमार- "आजमगढ़ में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं"

आजमगढ़/अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसटीएफ प्रयागराज फील्ड यूनिट और अयोध्या पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भानू प्रताप सिंह उर्फ बब्लू सिंह मुठभेड़ में मारा गया। इस कार्रवाई के बाद आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में संगठित अपराध और सुपारी किलिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी तथा अपराधियों के लिए यहां कोई स्थान नहीं है।

पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को अयोध्या में घेराबंदी के दौरान गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के विधानापार निवासी भानू प्रताप सिंह उर्फ बब्लू सिंह ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौके से अवैध असलहा भी बरामद किया गया।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बब्लू सिंह एक दुर्दांत सुपारी किलर था और थाना मुबारकपुर के चर्चित मुकदमा संख्या 460/2025 में दुधिया पृथ्वीराज यादव की सुपारी लेकर हत्या करने का मुख्य आरोपी था। इसके अलावा उसके खिलाफ आजमगढ़ में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 11 मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गोरखपुर में हत्या और गैंगस्टर समेत 9 मामले तथा बस्ती, मऊ, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर और देवरिया सहित विभिन्न जिलों में एनडीपीएस, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों को मिलाकर उसके खिलाफ 35 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे।

बब्लू सिंह पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार और फिर एक लाख रुपये कर दिया गया। इसके अलावा अंबेडकर नगर और गोरखपुर से भी उस पर अलग-अलग इनाम घोषित था।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि वर्ष 2011 से सक्रिय इस अपराधी के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। उन्होंने कहा कि एसटीएफ और जिला पुलिस के बेहतर समन्वय से ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जनता की सुरक्षा और कानून का राज स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे या तो आत्मसमर्पण करें या फिर पुलिस कार्रवाई के लिए तैयार रहें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh