Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: बच्चों के विवाद में 8 वर्षीय मासूम की बेरहमी से पिटाई, गुप्तांग में गंभीर चोट; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद एक गंभीर घटना में बदल गया। आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर 8 वर्षीय मासूम आयुष की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बालक के गुप्तांग में भी चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद की सूचना मिलने पर बादशाह पुत्र मंसूर, करीम पुत्र मंसूर तथा मंसूर पुत्र महबूब मौके पर पहुंचे और मासूम आयुष के साथ मारपीट शुरू कर दी।

 

परिजनों का कहना है कि आरोपियों द्वारा की गई पिटाई इतनी गंभीर थी कि बच्चे के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं, वहीं गुप्तांग में गंभीर चोट लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिजन घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

 

वर्तमान में जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में बालक का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कप्तानगंज पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि थाना कप्तानगंज क्षेत्र में बच्चों के विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh