आज़मगढ़: बहला-फुसलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, 2 गिरफ्तार
आज़मगढ़, 15 मई: थाना सरायमीर क्षेत्र में 14 मई की रात एक नाबालिग किशोरी के साथ बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सागर पुत्र रामनारायण (पुरब पट्टी, थाना अहिरौला) और रितेश उर्फ़ बब्बी पुत्र रमेश (बखरा, थाना सरायमीर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उस रात घर के बाहर गई थी जब दोनों आरोपियों ने उसे बहला-फुसला कर रितेश के घर ले जाकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पर पुलिस के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में टीम ने विवेचना शुरू की, पीड़िता का बयान दर्ज किया और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 15 मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले डायल-112 के इवेंट नंबर P15052601729 पर PRV-6215 की पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर थाना सरायमीर में दाखिल कराया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और बताया कि मामले की पूरी पड़ताल कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।























































Leave a comment