निजामाबाद की जनता की मांग का सम्मान करते हुए जल्द हो सड़क निर्माण : राजीव यादव
निजामाबाद, 15 मई 2026। सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव ने लोक निर्माण विभाग द्वारा भदुली-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि यह निजामाबाद की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग का सम्मान है। उन्होंने सरकार और विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
राजीव यादव ने कहा कि जब यह जानकारी मिली कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को नहीं भेजा है, तब उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और जनता के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए तत्काल प्रस्ताव भेजने की मांग की थी। उन्होंने याद दिलाया कि अगस्त 2025 में सड़क निर्माण को लेकर निकाली गई पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री स्तर पर कार्ययोजना मांगी गई थी, जिसके बाद विभाग ने योजना भेजने का दावा किया था।
उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि सड़क का निर्माण देखना चाहती है। विभागीय प्रक्रियाओं की धीमी गति के कारण विकास कार्य लगातार टलते जा रहे हैं। पिछली बार भी यह कहा गया था कि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा, लेकिन अब तक कार्य धरातल पर नहीं उतर सका।
किसान नेता ने मांग की कि मिर्जापुर से लाहीडीह, कौड़िया, मुंडियार होते हुए माहुल-बेलवाई मार्ग, निजामाबाद से रानी की सराय मार्ग, भंवरनाथ से तहबरपुर मार्ग समेत त्रिमुहानी, सरायपोही और क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों का भी निर्माण एवं चौड़ीकरण कराया जाए।
राजीव यादव ने कहा कि भदुली-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इससे विश्व प्रसिद्ध निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी, गुरुद्वारा चरण पादुका, शीतला माता मंदिर, राहुल सांकृत्यायन का विद्यालय, अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ की जन्मस्थली, कबीर आश्रम, दुर्वासा धाम, दत्तात्रेय धाम और रविदास आश्रम आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से भदुली, शिवली, रशीदगंज, अल्लीपुर, रानीपुर, बेगपुर, शेरपुर और निजामाबाद क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी तथा व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि संचार माध्यमों से मिली जानकारी के अनुसार करीब आठ किलोमीटर लंबे भदुली-निजामाबाद मार्ग, जिसकी वर्तमान चौड़ाई लगभग 3.5 मीटर है, को बढ़ाकर 5.5 मीटर किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए लगभग 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि आजमगढ़ जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली यह सड़क संकरी होने के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं का कारण बनती है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन लगभग चार से पांच हजार लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं।























































Leave a comment