Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जिलाधिकारी ने की प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा

देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी इकाइयों की समेकित समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं एवं कार्यक्रमों को समयबद्ध ढंग से प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
          जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान बाल श्रम, बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसे मामलों में प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एवं बाल श्रम पर नियंत्रण हेतु कठोर कदम उठाए जाएं।
         उन्होंने जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में व्यवहार परिवर्तन लाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएं, वहां उसके प्रभाव एवं लोगों के व्यवहार में आए परिवर्तन का भी मूल्यांकन किया जाए।
          जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए महिला एवं बाल अपराधों में कमी लाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
         उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया कि किसी भी निर्माण कार्य को सीधे न कराकर पीडब्ल्यूडी अथवा आरएलडी के माध्यम से कराया जाए। साथ ही बजट की उपलब्धता एवं व्यय का विवरण उपलब्ध कराएं।
          जिलाधिकारी ने कन्या जन्मोत्सव, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभाग की सभी योजनाओं में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
       समीक्षा बैठक के दौरान कार्यालय जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, राजकीय बाल गृह (बालक), जिला प्रोबेशन कार्यालय, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड), उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), स्पॉन्सरशिप योजना, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना, बाल सेवा योजना कोविड से आच्छादित बच्चों हेतु लैपटॉप योजना, बाल सेवा योजना कोविड से आच्छादित बालिकाओं हेतु शादी अनुदान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, कन्या सुमंगला योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना आदि की समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
       इससे पूर्व जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर एवं बाल कल्याण कार्यालय का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
       बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल सोनकर, बाल कल्याण अधिकारी जे.पी. तिवारी, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सावित्री राय, अमित उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh