Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम ने बिजली विभाग के अवर अभियंता को किया निलंबित।कटिया धारकों से अवैध वसूली और विद्युत लाइन दुरुस्त न कराने के आरोप में हुई कार्रवाई

आजमगढ़। जनपद के ग्राम भुवना बुजुर्ग में 09 मई को आयोजित जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अवर अभियंता ब्रजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार, जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार गांव का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान गांव के निकट एलटी लाइन का तार टूटा हुआ पाया गया, जिससे बड़े विद्युत हादसे की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि लाइन को जोड़ने के लिए अवर अभियंता से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अमुआरी नरायनपुर पर तैनात अवर अभियंता ब्रजेश कुमार गांव में विद्युत चेकिंग के नाम पर वैध उपभोक्ताओं को परेशान करते थे, जबकि कटिया धारकों से अवैध वसूली की जाती थी। शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत घनश्याम को तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड-सगड़ी की रिपोर्ट एवं मंडल कार्यालय की संस्तुति के आधार पर मुख्य अभियंता (वितरण) आजमगढ़ क्षेत्र से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल-प्रथम, आजमगढ़ ने अवर अभियंता ब्रजेश कुमार को प्रथम दृष्टया गंभीर कदाचार का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में ब्रजेश कुमार को विद्युत वितरण खंड, आजमगढ़ के खंडीय कार्यालय से संबद्ध किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh